सहारनपुर में मस्जिद पर हुई कार्रवाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव बाेले - समाज तभी मजबूत होगा, जब लोग एक- दूसरे के धर्म का सम्मान करेंगे

WhatsApp Channel Join Now
सहारनपुर में मस्जिद पर हुई कार्रवाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव बाेले - समाज तभी मजबूत होगा, जब लोग एक- दूसरे के धर्म का सम्मान करेंगे


-महंगाई-बेरोजगारी से लेकर सड़क और पुलिस व्यवस्था पर साधा निशाना

-अखिलेश बोले- जमीनी स्तर पर बदलाव नहीं तो जीडीपी बढ़ने के दावे पर सवाल स्वाभाविक ।

औरैया, 06 सितंबर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना पहुंचे। उन्होंने प्रदेश सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, सड़क और पुलिस व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। सहारनपुर में मस्जिद पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत होगा, जब लोग दूसरे धर्म का सम्मान करेंगे। सच्चा सनातनी, संत और हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता और न ही किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय परंपरा में वसुधैव कुटुंबकम का भाव रहा है। प्रधानमंत्री विदेश जाते हैं तो दुनिया को भी यही संदेश देते हैं कि पूरी धरती एक परिवार है। ऐसे में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को मिल-जुलकर रहना चाहिए और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने सरकार के जीडीपी के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जीडीपी एक कैलकुलेशन और अनुमान है। भविष्य में जीडीपी कितनी बढ़ेगी, इसका भी अनुमान लगाया जाता है, लेकिन आम आदमी के लिए विकास की असली तस्वीर रोजगार, महंगाई और रोजमर्रा की सुविधाओं से सामने आती है। आज रोजगार और नौकरियों की समस्या है। पेट्रोल-डीजल भी महंगा होता जा रहा है। जब जमीनी स्तर पर स्थिति में बदलाव दिखाई नहीं देता तो जीडीपी बढ़ने के दावे पर सवाल उठना स्वाभाविक है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कहीं शून्य जीडीपी तो नहीं है।

गौरव रघुवंशी के घर पहुंचे अखिलेश

दोपहर में अखिलेश यादव दिवंगत सपा नेता गौरव रघुवंशी के घर पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच पर चढ़ गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद वह पूर्व सपा नेता अंबार सिद्दीकी के घर पहुंचे और स्वजन से मुलाकात की।

करीब दोपहर दो बजे अखिलेश यादव दोबारा गौरव रघुवंशी के घर पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गौरव कम उम्र के नौजवान और पार्टी के जिम्मेदार कार्यकर्ता थे। अगर उन्हें समय पर पूरा इलाज मिल जाता तो शायद आज वह उनके बीच होते।

इसके बाद अखिलेश यादव नगर अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता के आवास पर पहुंचे। एक वर्ष पूर्व उनके पिता के निधन पर उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, विधायक प्रदीप यादव, पूर्व राज्यमंत्री विनोद यादव कक्का, लाले सिद्दीकी, धप्पी यादव, रामबाबू यादव, लालजी शुक्ला, कमलेश यादव, सुनील दुबे, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता, एटा सांसद देवेश शाक्य, डॉ. नवल किशोर, रंजना पाल समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं बेला के रास्ते जिले में प्रवेश करने पर कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का स्वागत भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story