पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, हर बूंद बचाने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, हर बूंद बचाने का लिया संकल्प


औरैया, 22 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारत सरकार के राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत बुधवार को जनपद पुलिस में जल शक्ति अभियान : कैच द रेन के तहत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस कार्यालय में नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस दौरान वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करने तथा जल शक्ति अभियान : कैच द रेन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में अधिकारी एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा समाज को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में जल बचाने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story