नागपंचमी पर सांप के साथ युवक खिंचवा रहा था फोटो, अचानक डस लिया

WhatsApp Channel Join Now
नागपंचमी पर सांप के साथ युवक खिंचवा रहा था फोटो, अचानक डस लिया


औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा नहर बाजार स्थित सब्जी मंडी में सोमवार दोपहर नागपंचमी के मौके पर सांप के साथ फोटो खिंचाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। सपेरे के सांप को हाथ से पकड़ते ही सांप ने युवक की उंगली में काट लिया। आनन-फानन में दोस्त उसे बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

गांव लहटोरिया निवासी अरमान अली (18) पुत्र हमीद अली सोमवार दोपहर बाजार करने के लिए नहर बाजार सब्जी मंडी आया था। इसी दौरान उसे एक बच्चे के पास सपेरा सांप के साथ दिखाई दिया। नागपंचमी का पर्व होने के कारण अरमान सांप के साथ फोटो खिंचाने के लिए उत्साहित हो गया। फोटो खिंचाने के प्रयास में उसने सांप को हाथ से पकड़ लिया। इसी दौरान सांप ने उसके हाथ की उंगली में काट लिया।

सांप के काटने के बाद अरमान के साथ मौजूद दोस्त अतुल दुबे उसे तत्काल मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सक डॉ. गौरव कुमार ने युवक का ब्लड सैंपल लेने के साथ प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल अरमान को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उसका उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story