ट्रेन पर चढ़ते समय फिसले दरोगा, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन पर चढ़ते समय फिसले दरोगा, इलाज के दौरान मौत


औरैया, 21 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के फफूंद रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में उपनिरीक्षक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, औरैया जिला न्यायालय में तैनात उपनिरीक्षक सूरज बली शनिवार दोपहर अपने घर बांदा जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि नॉन-स्टॉप कामाख्या एक्सप्रेस के धीरे-धीरे गुजरने के दौरान वे ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे प्लेटफार्म पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद एक सफाईकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खींचकर सुरक्षित किया। आसपास के लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

दिबियापुर थाना प्रभारी रुद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों को सूचना दी। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story