सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक में दिये निर्देश
-सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कसे अधिकारियों के पेंच
-17 सितंबर को सेवा दिवस से होगी शुरुआत, अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विकास स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन।
औरैया, 12 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में 17 सितंबर से शुरू होने वाले 31 दिवसीय सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार काे कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का उद्देश्य आमजन को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थान, नोडल व सह-नोडल अधिकारी तथा संबंधित विभाग की जिम्मेदारी पहले से तय की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
सेवा दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से होगा। इस दिन अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की जाएगी। शाम सात बजे जिले के प्रमुख विकास एवं अवस्थापना स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में चिह्नित स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा।
स्कूलों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक होंगे आयोजन
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मान, पोषण-स्वास्थ्य जागरूकता और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता शामिल है। ‘सेवा की कहानी’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को डिजिटल माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ में रक्तदान, स्वच्छता, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग और गौशाला सेवा जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे। सात अक्टूबर को सेवा ज्योति कलश यात्रा, रंगोली और अन्य नवाचार कार्यक्रम भी होंगे। बैठक में सीडीओ राम कृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, बीएसए संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी मोहित मनोहर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

