औरैया : अवैध खनन व ओवरलोड 4 डंपरों पर एसडीएम ने लगाया 2.5 लाख जुर्माना, 3 वाहन सीज

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : अवैध खनन व ओवरलोड 4 डंपरों पर एसडीएम ने लगाया 2.5 लाख जुर्माना, 3 वाहन सीज


औरैया, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार सुबह एसडीएम सदर अजय आनंद ने मौरंग मंडी में अचानक छापेमारी की। इस दौरान कुल 22 डंपरों की गहन जांच की गई, जिनमें से चार वाहनों के पास वैध कागजात नहीं मिले।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चारों डंपरों पर तत्काल 2.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। मौके पर ही एक वाहन स्वामी ने जुर्माना राशि जमा कर दी, जिसके बाद उसे सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं शेष तीन डंपर चालकों द्वारा जुर्माना अदा न किए जाने पर एसडीएम ने वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए। सीज किए गए तीनों वाहनों को तत्काल देवकली चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीएम की इस अचानक कार्रवाई से मौरंग मंडी के संचालकों और वाहन स्वामियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

इधर, मंडी संचालक ने कार्रवाई का विरोध करते हुए एसडीएम पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यह कार्रवाई एक नेता के इशारे पर की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घाट स्तर पर ही ओवरलोडिंग पर रोक लगा दी जाए तो मंडी तक ओवरलोड वाहन ही नहीं पहुंचेंगे।

प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में अवैध परिवहन और नियमों की अनदेखी को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले 15 दिनों में यह तीसरी बड़ी छापेमारी है।

एसडीएम सदर अजय आनंद ने स्पष्ट किया कि बिना वैध कागजात और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story