लोहिया के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व : सर्वेश बाबू गौतम

WhatsApp Channel Join Now
लोहिया के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा दायित्व : सर्वेश बाबू गौतम


-बिधूना में पुण्यतिथि पर सपाइयों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

औरैया, 12 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना स्थित लोहिया पार्क में सोमवार को समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि मनाई गई। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित सभा में उनके विचारों और सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्ष को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

सभा की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की और संचालन बिधूना विधानसभा अध्यक्ष रानू पालीवाल ने किया। जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया ने समाज के कमजोर, पिछड़े और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। उनके विचार समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में आज भी प्रासंगिक हैं। उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके बताए रास्ते पर चलना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बिधूना विधायक रेखा वर्मा ने कहा कि बिधूना डॉ. लोहिया की कर्मभूमि रही है। इस ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना और उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर उनके सपनों को साकार करने के लिए काम करने की अपील की। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री रामबाबू यादव, पूर्व विधायक मदन गौतम, सुमन दिवाकर, राजेश प्रताप सिंह, शिवनारायण यादव, डॉ. नवीन वर्मा, छात्रपाल वर्मा, लालजी गुप्ता, अखिलेश यादव उर्फ कल्लू, रामपाल सिंह यादव और विकास तोमर सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. लोहिया को नमन कर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759562 Articles

Share this story