बिधूना समाधान दिवस में 135 शिकायतें आईं, आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
बिधूना समाधान दिवस में 135 शिकायतें आईं, आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण


औरैया, 17 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद बिधूना तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। किसी भी शिकायत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें आईं। एक शिकायत में बिधूना निवासी अनीता कुमारी ने बताया कि उन्होंने राशन कार्ड के लिए आवेदन संख्या 116240111290 के माध्यम से आवेदन किया था, लेकिन करीब एक वर्ष बीतने के बाद भी राशन कार्ड नहीं बना। इस पर डीएम ने पूर्ति निरीक्षक बिधूना को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, सूरजपुर निवासी उर्मिला देवी ने बताया कि उनके पति की करीब एक वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है और उनके भरण-पोषण का कोई साधन नहीं है। पेंशन के लिए आवेदन करने के बावजूद उन्हें लाभ नहीं मिला। डीएम ने जिला समाज कल्याण विभाग के संबंधित अधिकारी को आवेदन संख्या 316921426401 की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

मिशन शक्ति के तहत पहुंचीं महिलाओं को सम्मानपूर्वक बैठाकर डीएम और एसपी ने उनकी शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम बिधूना, एसडीएम न्यायिक निखिल राजपूत, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, सीओ बिधूना पी. पुनीत कुमार, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, थानाध्यक्ष, लेखपाल और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story