विद्यालय से जल्दी घर लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम, इकलौता पुत्र था अमन

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 23 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र के परवाहा गांव में बुधवार को 16 वर्षीय छात्र ने घर के कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह दिबियापुर स्थित वैदिक इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अमन अपने मां-पिता का इकलौता पुत्र था।

परवाहा गांव निवासी जगरूप सिंह राठौर पानीपत में रहकर मजदूरी करते हैं। उनका 16 वर्षीय पुत्र अमन बुधवार सुबह विद्यालय गया था। दोपहर में वह विद्यालय से जल्दी घर लौट आया। उस समय उसकी मां पिंकी देवी घर पर थीं। कुछ देर बाद पिंकी देवी खेत पर चली गईं। इसी दौरान अमन ने कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।

दोपहर करीब तीन बजे पिंकी देवी खेत से घर लौटीं तो कमरे में अमन को फांसी पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आनन-फानन अमन को नीचे उतारकर लिटाया और चिकित्सक को बुलाकर दिखाया। जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटे की मौत की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। मामले की जानकारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story