पत्नी से विवाद के बाद ऑटो चालक ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 04 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शहर के पढ़ीन दरवाजा नई बस्ती मोहल्ले में शुक्रवार शाम किराए के मकान में रह रहे 28 वर्षीय ऑटो चालक अंशुल दोहरे ने कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

अंशुल दोहरे पुत्र रामकेश मूलरूप से मुरादगंज के पास स्थित किशनपुर गांव का रहने वाला था। वह शहर में किराए के मकान में रहकर ऑटो चलाता था। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी।

शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अंशुल ऑटो चलाकर कमरे पर वापस आया। कुछ देर बाद उसके फंदा लगाने की जानकारी आसपास के लोगों को हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

घटना की जानकारी पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम के आने के बाद साक्ष्य जुटाए जाएंगे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story