बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा


औरैया, 18 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के एमा पैगंबरपुर गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते मंगलवार को सुरेश तिवारी का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान की छत गिरने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की छत कमजोर हो गई थी। मंगलवार को अचानक छत का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। देखते ही देखते मकान का हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। छत के मलबे में घर-गृहस्थी का सामान दब जाने से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या भी खड़ी हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मदद पहुंचाई। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मौके पर टीम भेजकर मकान और गृहस्थी के सामान को हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराने की मांग की, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार जो भी सरकारी सहायता संभव होगी, पीड़ित परिवार को दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story