कांवड़ियों की सेवा में जुटे शिवभक्त, बिधूना तिराहे पर लगाया पंडाल
कांवड़ियों की सेवा में जुटे शिवभक्त, बिधूना तिराहे पर लगाया पंडाल
औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर्व को लेकर शिवभक्तों में उत्साह का माहौल रहा। रविवार शाम से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए कन्नौज के प्रसिद्ध मेहंदीघाट से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। सोमवार को सहार क्षेत्र से गुजरने वाले कांवड़ियों के जयकारों और बम-बम भोले के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय नजर आया।
कस्बा सहार में कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए बिधूना तिराहे पर पंडाल लगाकर जलपान की व्यवस्था की गई। पंडाल में पहुंचने वाले कांवड़ियों को रोककर पानी, शीतल पेय और अन्य जलपान कराया गया। सेवा में जुटे शिवभक्तों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की।
लंबी दूरी की यात्रा और गर्मी के बीच पंडाल पर जलपान मिलने से कांवड़ियों ने राहत महसूस की। उन्होंने सेवा में जुटे लोगों का आभार जताया और आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए। शिवभक्तों ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना भी भगवान शिव की सेवा के समान है।
कांवड़ यात्रा को लेकर सहार पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय रही। पुलिसकर्मियों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में सहयोग किया। पुलिस की सतर्कता के चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनी रही और कांवड़ियों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सेवा एवं जलपान कार्यक्रम में मरजाद सिंह कुशवाह, विमलेश शर्मा, रोहित चौहान, नितीश सेंगर, बउआ चौहान, ज्ञानचंद्र गुप्ता, प्रसून सेंगर, श्याम शर्मा, लल्लन सेंगर और सत्यम ठाकुर सहित अन्य शिवभक्त मौजूद रहे।
क्षेत्र में जगह-जगह कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए पंडालों से श्रद्धा और सेवा का माहौल बना रहा। शिवभक्तों द्वारा कांवड़ियों को जलपान कराने और उनकी मदद करने का सिलसिला दिनभर जारी रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

