नाले किनारे पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
नाले किनारे पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी


औरैया, 07 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में थाना सहायल क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी 29 वर्षीय मोहिनी कठेरिया का शव शुक्रवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पूर्व फकीरे के जंगल में नाले के किनारे एक चिलबिला के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना पर थाना सहायल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मृतका के पति, मायके एवं ससुराल पक्ष के लोग तथा आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पुलिस के अनुसार मोहिनी कठेरिया का विवाह मई 2017 में प्रथम बाबू के साथ हुआ था। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें सात वर्षीय अंशिका, पांच वर्षीय हीरो और तीन वर्षीय यश शामिल हैं। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।

थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story