प्रोजेक्ट नई किरण के तहत 7 परिवारों का हुआ पुनर्मिलन

WhatsApp Channel Join Now
प्रोजेक्ट नई किरण के तहत 7 परिवारों का हुआ पुनर्मिलन


औरैया, 28 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में रविवार को महिला थाना ककोर में प्रोजेक्ट नई किरण के अंतर्गत पारिवारिक विवादों के निस्तारण हेतु विशेष काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने की।

इस दौरान कुल 35 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें ऐसे कई मामले शामिल थे, जिनमें पति-पत्नी आपसी वैचारिक मतभेद के चलते लंबे समय से अलग रह रहे थे और साथ रहने को तैयार नहीं थे। काउंसलिंग टीम द्वारा दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया गया तथा आपसी संवाद स्थापित कर मनमुटाव दूर कराने का प्रयास किया गया।

महिला थाना की प्रभावी पहल और काउंसलिंग के सकारात्मक परिणामस्वरूप 7 परिवारों का पुनर्मिलन कराया गया। सभी सात दंपतियों ने आपसी सहमति से पुनः साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्हें खुशी-खुशी परिवार सहित विदा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रोजेक्ट नई किरण की सराहना करते हुए इसे टूटते परिवारों को जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अन्य सदस्य एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story