नहर में शव की सूचना पर पहुंची पुलिस, कई किलोमीटर तक चलाया सर्च अभियान

WhatsApp Channel Join Now
नहर में शव की सूचना पर पहुंची पुलिस, कई किलोमीटर तक चलाया सर्च अभियान


औरैया, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमावता के पास सोमवार को नहर में शव बहकर आने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर शव की तलाश शुरू कर दी गई। हालांकि काफी देर शाम तक शव का कोई सुराग नहीं लग सका।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने अमावता नहर में तेज बहाव के बीच एक शव को बहता देखा। देखते ही देखते यह सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार तथा कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों से जानकारी ली।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शव नहर के तेज बहाव में बहता हुआ दिखाई दिया था, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वह आगे निकल गया। इसके बाद पुलिस ने अमावता नहर पुल से लेकर गढ़िया नहर पुल और गोपालपुर नहर पुल तक सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस

कर्मियों ने नहर किनारे कई स्थानों पर रुककर आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। बताया जा रहा है कि नहर में पानी का तेज बहाव पुलिस की तलाश में बड़ी बाधा बना रहा। इसके बावजूद पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है और संभावित स्थानों पर तलाश जारी है।

क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार ने बताया कि नहर के आगे पड़ने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है। किसी भी स्थान पर शव दिखाई देने पर तत्काल सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story