सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 155 शिकायतें, 22 का मौके पर निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 155 शिकायतें, 22 का मौके पर निस्तारण


औरैया, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कलेक्ट्रेट प्रशासन की पहल पर शनिवार को सदर तहसील परिसर में जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां अधिकारियों ने गंभीरता से शिकायतों को सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 155 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण इस प्रकार हो कि फरियादियों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने भी पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story