नींद में छत से गिरकर ड्राइवर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 18 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के देवरांव का पुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक नींद में उठा और अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय मोहित पुत्र विनोद कुमार निवासी देवरांव का पुरवा के रूप में हुई है। बताया गया कि मोहित पेशे से ड्राइवर था। बुधवार रात वह भोजन करने के बाद घर की छत पर सोने चला गया था।

गुरुवार सुबह नींद में उठते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरा। तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही दिबियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मोहित अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story