औरैया : सीडीओ ने किसानों की समस्याएं सुनी, 20 जून को हस्तान्तरित होगी किसान निधि

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : सीडीओ ने किसानों की समस्याएं सुनी, 20 जून को हस्तान्तरित होगी किसान निधि


औरैया, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। सीडीओ ने किसानों की समस्याओं को सुना और उन्नतशील बीज, उर्वरक और विद्युत पर चर्चा की।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषकों को अवगत कराया कि समस्त योजनाओं की कार्ययोजना, कृषकों को केन्द्र में रखकर, कृषक हित में संचालित की जाती है। योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषक की फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। यदि कृषक द्वारा फार्मर आईडी नहीं बनवाई जाती है तो उक्त संचालित योजनाओं से मिलने वाले लाभों से वंचित रह जायेगें।

पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजनान्तर्गत, 2.00 लाख रूपये तक दो गाय (1.50 लाख प्रति ईकाइ, गिर, थारपारकर, हरियाणा एवं साहीवाल नस्ल की गाय) साथ ही हस्तचालित कटिया मशीन तथा टीनशेड की खरीद पर (पचास हजार रूपये) मूल्य का 40 प्रतिशत या अधिकतम 80000 रूपये का अनुदान कृषकों को अनुमन्य है। बकरी पालन के लिए एक यूनिट (पांच बकरी एवं एक बकरा) जिसका मूल्य 40000 रुपये है, जिसमें अनुदान 36000 रुपये पशुपालक के खाते में जायेगा, जिसके लिये जनपद के समस्त पशुपालक विकास भवन के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के कार्यालय में अपना प्रार्थना पत्र जमा कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

विभाग में खाद्य प्रसंस्करण उद्यम स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के बारे में बताया गया तथा लागत का 35 प्रतिशत अनुदान व अधिकतम 10 लाख रुपये

अनुदान प्राप्त कर स्वरोजगार की स्थापना कर सकते हैं। साथ ही मशरूम यूनिट, निजी क्षेत्र में पौधशाला की स्थापना, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, मचान विधि से सब्जियों की खेती, एकीकृत पैक हाउस, संरक्षित खेती-पाली हाउस, नेटहाउस आदि के विषय में तथा अनुदान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी।

जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने अवगत कराया कि जनपद के समस्त राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर 50 प्रतिशत अनुदान पर सामान्य धान, संकर धान, अरहर, उर्द, मूंग, तिल साथ ही मोटे अनाज को बढावा देनें के लिये निःशुल्क रागी, सावा, कोदो, ज्वार, बाजरा आदि के बीज उपलब्ध हैं, कृषक बन्धु अपने (एनराइड) फोन से या जन सेवा केन्द्र से अपनें किसान पंजीकरण संख्या से बीजों की बुकिंग कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। कृषकों का चयन ई-लॉटरी, के माध्यम से किया जायेगा जिसकी सूचना पंजीकृत मोबाइल नं० पर उपलब्ध करा दी जायेगी।

सिंचाई विभाग तथा अन्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभाग में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में किसान भाइयों को अवगत कराया गया। साथ ही साथ कृषक भाईयों को यह भी अवगत कराया गया कि कृषि विभाग के अन्तर्गत पीएम किसान की आगामी किस्त 20 जून, 2026 को हस्तान्तरित की जायेगी।

किसान दिवस में उप कृषि निदेशक/जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी औरैया दिबियापुर, उद्यान विभाग से सुशील कुमार जिला उद्यान निरीक्षक, विधुत विभाग के प्रशान्त गुप्ता अधिशासी अभियंता, कृ० वि० के० वी० के० ग्वारी से डॉ० ब्रज विकास सिंह कृषि वैज्ञानिक, पशुपालन विभाग से डॉ० बी०एस० विकल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी औरैया, नलकूप विभाग से अनिल कुमार अधि० अभियन्ता, सिचाई विभाग से संजय कुमार अधि० अभि०, हरविलास सिंह मण्डी सचिव, औरैया, रेशम विभाग से श्रीमती पूजा शर्मा, सहकारिता विभाग से संजीव कुमार एवं विभाग के समस्त अधिकारी / कर्मचारी एवं कृषक आदि उपस्थित रहे रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story