फफूंद में अवैध क्लीनिक सीज, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई
फफूंद में अवैध क्लीनिक सीज, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई: जांच में छात्र संचालक मिला,इलाज के उपकरण और दवाएं जब्त
औरैया, 16 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद कस्बे में बाईपास रोड स्थित एक अवैध क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग ने सीज कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर मरीज के इलाज का वीडियो वायरल होने के बाद की गई। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान क्लीनिक में इलाज से संबंधित उपकरण और विभिन्न प्रकार की दवाएं मिलीं।
मंगलवार को सीएचसी अधीक्षक ने क्लीनिक पर पहुंचकर संचालक उमाशंकर से पूछताछ की।पू छताछ में पता चला कि क्लीनिक संचालक उमाशंकर औरैया के गुलाब सिंह फाॅर्मेसी कॉलेज में बी-फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार करने और दवाएं देने का कार्य कर रहा था।जांच में यह भी सामने आया कि क्लीनिक के बाहर किसी प्रकार का बोर्ड नहीं लगा था और न ही उसके संचालन संबंधी कोई वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने इसे अवैध रूप से संचालित पाया। डॉ. विजय आनंद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार को सौंप दी गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

