सपा सैनिक प्रकोष्ठ ने पूर्व सैनिकों से संगठन मजबूत करने का किया आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
सपा सैनिक प्रकोष्ठ ने पूर्व सैनिकों से संगठन मजबूत करने का किया आह्वान


औरैया, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) सैनिक प्रकोष्ठ की औरैया विधानसभा स्तरीय बैठक रविवार को जेके गार्डन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए सैनिक प्रकोष्ठ के मंडल प्रभारी कैप्टन जयवीर सिंह ने कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए सबसे अधिक कार्य समाजवादी सरकार के दौरान किए गए। उन्होंने कहा कि नेताजी के नेतृत्व में सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। उन्होंने सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बैठक में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक समाज और लोकतंत्र की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिकों का अनुभव और अनुशासन संगठन को नई दिशा प्रदान करेगा।

बैठक में एसआईआर प्रभारी समरथ पाल, जिला उपाध्यक्ष राज नारायण बघेल तथा बाबासाहेब वाहिनी की राष्ट्रीय सचिव सुमन दिवाकर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

सुमन दिवाकर ने सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके सक्रिय सहयोग से जनहित के मुद्दों को मजबूती मिलेगी तथा सरकार की मनमानी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के संयोजक फौजी प्रमोद पाल ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। बैठक का संचालन ब्रह्मदत्त ने किया।

इस अवसर पर देवेंद्र फौजी, अजय सूबेदार, रामप्रकाश पाल, रिंकू यादव, नन्नू यादव सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story