औरैया जिले में 14.37 करोड़ से पूरा होगा औरैया-फफूंद फोरलेन मार्ग, सेंगर नदी पुल निर्माण को भी मिलेगी रफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
औरैया जिले में 14.37 करोड़ से पूरा होगा औरैया-फफूंद फोरलेन मार्ग, सेंगर नदी पुल निर्माण को भी मिलेगी रफ्तार


औरैया, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में वर्षों से अधूरे पड़े औरैया-फफूंद फोरलेन मार्ग तथा सेंगर नदी पर निर्माणाधीन पुल को पूरा कराने के लिए लोक निर्माण विभाग ने शासन को 14 करोड़ 37 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। शासन स्तर पर प्रस्ताव के शीघ्र स्वीकृत होने और धनराशि जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है।

गौरतलब है कि क्षेत्रीय लोगों की मांग पर बिधूना से फफूंद तक मार्ग के चौड़ीकरण और सीसी सड़क निर्माण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की थी। इसके तहत पूर्व की सरकार में सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया था। बाद में गेल और एनटीपीसी की पहल पर औरैया से फफूंद तक फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया। निर्माण के दौरान मार्ग में आने वाले हरे पेड़ों और मकानों के कारण कार्य प्रभावित हुआ। वन विभाग की अनुमति मिलने के बाद पेड़ों की कटान हुआ और औरैया तक सड़क निर्माण भी पूरा हो गया, लेकिन पढ़ीन गांव के पास सेंगर नदी पर दूसरे पुल का निर्माण अधूरा रह गया। वहीं शेरपुर सरैया और देवरपुर गांवों में फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका।

इन दोनों गांवों में करीब आधा किलोमीटर तक सड़क पर बिछी ईंटें और बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। गड्ढों में घरों का गंदा पानी भरा रहता है और बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार राहगीर इनमें गिरकर चोटिल हो जाते हैं, जबकि छोटे-बड़े वाहन भी फंस जाते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, देवरपुर और शेरपुर सरैया में कुछ मकान मालिकों को अभी मुआवजा दिया जाना बाकी है। फोरलेन निर्माण में बाधक बने कई मकानों को प्रशासन अब तक नहीं हटवा सका है, जिसके चलते परियोजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है।

सपा सरकार के बाद भाजपा सरकार बनने पर भी लोक निर्माण विभाग ने कई बार सड़क और पुल निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए प्रस्ताव भेजे, लेकिन बजट स्वीकृत नहीं हो सका। अब विभाग ने पुनः 14 करोड़ 37 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराकर आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लंबे समय से अधूरी पड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story