सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, मौत

WhatsApp Channel Join Now
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ट्रेन में बिगड़ी तबीयत, मौत


औरैया, 21 मार्च (हि. स.)। गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली से लखनऊ जा रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना से सहयात्रियों में हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ के आलमबाग निवासी मानवेंद्र सिंह (50) शुक्रवार रात करीब 10 बजे गोमती एक्सप्रेस के कोच नंबर डी1 में सीट संख्या 48 पर सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सहयात्रियों द्वारा रेलवे कंट्रोल को सूचना दी गई, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ट्रेन से उतारकर दिबियापुर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चौकी प्रभारी अजीत सिंह व हेड कांस्टेबल सत्यपाल सिंह और छबि राम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। बताया गया कि मृतक नोएडा की एक निजी कम्पनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके छोटे भाई मुंबई में बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर हैं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story