संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी ने लगाई फांसी
औरैया, 05 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मंतला भीखेपुर में गुरुवार शाम एक 14 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अपने ही खेत में आम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम मंतला भीखेपुर निवासी गोविंद सिंह की पुत्री राधिका (14) गुरुवार शाम करीब चार बजे किसी बात को लेकर घर से निकलकर खेत की ओर चली गई थी। काफी देर तक घर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने उसे खेत में स्थित आम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी अजीतमल कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस व फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य संकलित किए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का नौ वर्षीय छोटा भाई दीपांशु अपनी बहन की मौत से बेहद व्यथित है और लगातार बिलख रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

