झपकी आने से आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराया पिकअप, चालक गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
झपकी आने से आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराया पिकअप, चालक गंभीर


औरैया, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर-इटावा मार्ग पर औरैया-कानपुर देहात सीमा के पास शनिवार तड़के सब्जी से लदी पिकअप आगे चल रहे अज्ञात भारी वाहन से पीछे टकरा गई। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में मामा-भांजा ढाबा के सामने करीब 1:50 बजे पिकअप संख्या यूपी-83 सीटी-5941 कानपुर से इटावा की ओर सब्जी लेकर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चालक गजेंद्र पाल (27) निवासी नगला हीरा, थाना नगला खंगर, जनपद फिरोजाबाद को वाहन चलाते समय झपकी आ गई। इससे पिकअप आगे चल रहे अज्ञात भारी वाहन से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस से पहले 50 शैय्या जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने 100 शैय्या अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया। हादसे की सूचना चालक के परिजनों को भी दे दी गई है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story