औरैया में सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत, बाइक सवार फरार

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 01 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फाफूंद क्षेत्र के बाबरपुर रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल 85 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक नन्हे मंसूरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। नन्हे मंसूरी ग्राम केशमपुर से फफूंद की ओर साइकिल से जा रहे थे। जैसे ही वे बाबरपुर रोड स्थित अंतेष्टि स्थल से कुछ आगे पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय व्यक्ति ने मौके पर आकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया, लेकिन बाइक सवार फरार हो गया। घायल वरिष्ठ नागरिक को एम्बुलेंस से सीएचसी दिबियापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय सैफई भेजा गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और पांच बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का निधन दो वर्ष पूर्व हो चुका था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story