औरैया में देवकली धाम से लौट रहे छात्र की बाइक खंभे से टकराई, मौत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में देवकली धाम से लौट रहे छात्र की बाइक खंभे से टकराई, मौत


औरैया, 03 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सावन के पहले सोमवार पर देवकली धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक कर लौट रहे एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के बिरिया गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दिबियापुर के कृष्णा नगर निवासी अनिरुद्ध प्रताप सिंह (15), पुत्र स्वर्गीय सुरजीत सिंह, सेंट साईंनाथ इंटर कॉलेज का छात्र था। वह सावन के पहले सोमवार पर अपने ताऊ विवेक के साथ बाइक से देवकली धाम जलाभिषेक करने आया था। दोनों भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर वापस लौट रहे थे। बिरिया गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में अनिरुद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार अनिरुद्ध दो दिन पहले कन्नौज जिले के श्रृंगिरामपुर से कांवड़ में जल लेकर आया था और उसी जल से देवकली धाम में भगवान शिव का अभिषेक किया था। वह अपनी मां का इकलौता पुत्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story