औरैया : 157वें ऐतिहासिक श्रीराम लीला महोत्सव के लिए हुआ हवन-पूजन
औरैया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में श्रीराम लीला एवं दशहरा मेला महोत्सव को लेकर बुधवार को रामलीला मैदान स्थित मंच पर श्री रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इसके बाद मैदान परिसर में स्थित देव स्थल पर पूजन कर झंडा चढ़ाया गया। आचार्य ने रामचरितमानस का पाठ कर 13 दिवसीय धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूजा-अर्चना की।
फफूंद का 157वां ऐतिहासिक श्रीराम लीला एवं दशहरा मेला महोत्सव 11 से 22 अक्टूबर तक आयोजित होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा। 11 अक्टूबर को भगवान शंकर की बारात के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। महोत्सव में क्षेत्र के साथ ही बाहर के मंझे हुए कलाकार विभिन्न पात्रों का मंचन करेंगे।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कृपाशंकर शुक्ला ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मंझे हुए कलाकारों की ओर से रामलीला का मंचन किया जाएगा। राम की भूमिका हरिओम, लक्ष्मण की भूमिका रोहित शुक्ला, जानकी की भूमिका राहुल, व्यास की भूमिका ध्रुव नारायण शुक्ला और वादक की भूमिका अशोक निभाएंगे। चौमुखा पात्र की भूमिका राजा भैया जालौन, महरवान उरई, घनश्याम आचार्य उरई और अवधेश शुक्ला कानपुर निभाएंगे। हास्य कलाकार आजाद अलबेला भी कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।
धनुष भंग प्रसंग में परशुराम की भूमिका गोपाल अवस्थी कानपुर, लक्ष्मण की भूमिका गोपाल दुबे कन्नौज, रावण की भूमिका नीरज सिंह गौर कानपुर, वाणासुर की भूमिका देवेंद्र सिंह गौर कानपुर तथा जनक की भूमिका विनोद कुमार दुबे फफूंद निभाएंगे।
महोत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों में 11 अक्टूबर को शंकर बारात, 13 अक्टूबर को ताड़का वध, 15 अक्टूबर को धनुष यज्ञ, 17 अक्टूबर को भरत मिलाप, 18 अक्टूबर को सूपनखा अंगभंग, 20 अक्टूबर को दशहरा मेला, 21 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक तथा 22 अक्टूबर को स्कूली छात्रों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
महोत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सहयोगी समिति का गठन किया गया है। इसमें सहयोगी समिति के सदस्यों के साथ नगर एवं क्षेत्रवासी भी सहयोग करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

