पत्नी से विवाद के बाद हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, साढ़े पांच घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
ससुराल पक्ष को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा, पुलिस व परिजनों की समझाइश के बाद देर रात सुरक्षित उतरा
औरैया, 26 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में शनिवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। करीब साढ़े पांच घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान युवक ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों की लगातार कोशिशों के बाद देर रात उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया। घटना अजीतमल क्षेत्र के ग्राम नवले का पुरवा की है। गांव निवासी 27 वर्षीय योगेंद्र सिंह पुत्र बृजेंद्र राव शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपने खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही उसके भाई विवेक समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां एकत्र हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने योगेंद्र को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। उसने साफ कहा कि जब तक उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके पर नहीं आएंगे, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक से लगातार बातचीत करते रहे। पुलिस ने उसकी पत्नी हेमलता के मायके पक्ष को भी सूचना दी। देर रात बकेवर क्षेत्र के लुधियानी गांव निवासी उसके साले आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक योगेंद्र को समझाया और शांत कराया। इसके बाद रात करीब 1:30 बजे युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
बताया गया कि योगेंद्र विवाहित है और उसका एक पुत्र भी है। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। इसी नाराजगी में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया था। पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद वह शांत हो गया और अपने परिजनों के साथ सकुशल घर लौट गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

