प्रोजेक्ट नई किरण बना टूटते परिवारों का सहारा, सात दंपतियों में हुआ समझौता

WhatsApp Channel Join Now
प्रोजेक्ट नई किरण बना टूटते परिवारों का सहारा, सात दंपतियों में हुआ समझौता


औरैया, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में टूटते परिवारों को फिर से जोड़ने की दिशा में चलाया जा रहा “प्रोजेक्ट नई किरण” लगातार उम्मीद की नई रोशनी बन रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार रविवार को महिला थाना ककोर में थाना प्रभारी पूजा राठौर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया, जिसमें पारिवारिक विवादों से संबंधित 30 प्रकरणों की सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान ऐसे 7 परिवार चिन्हित किए गए, जो आपसी वैचारिक मतभेद और घरेलू कलह के चलते लंबे समय से अलग रह रहे थे। स्थिति यहां तक पहुंच गई थी कि परिवार टूटने की कगार पर थे। महिला थाना पुलिस और काउंसलिंग टीम द्वारा दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक समझाया गया तथा रिश्तों की अहमियत बताकर उनके बीच चल रहे मनमुटाव को दूर कराने का प्रयास किया गया।

काफी समझाइश और बातचीत के बाद सभी 7 दंपतियों ने आपसी सहमति से एक साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद परिवारों को खुशी के माहौल में एक साथ विदा किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी प्रोजेक्ट नई किरण की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी पहल बताया।

महिला थाना प्रभारी पूजा राठौर ने कहा कि प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से बिखरते परिवारों को जोड़ने और वैवाहिक रिश्तों में मधुरता लाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story