औरैया में बारिश-आंधी से गिरे बिजली के पोल, 30 घरों की बिजली गुल

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में बारिश-आंधी से गिरे बिजली के पोल, 30 घरों की बिजली गुल


औरैया, 24 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र अटसू अंतर्गत सांफर गांव में गुरुवार रात तेज हवा और बारिश के कारण दो बिजली के पोल टूटकर गली में गिर गए। हादसे के बाद करीब 30 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि गली में पोल गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया।

बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। पूरी रात और दिनभर बिजली न आने से पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द पोल बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) अमित कुमार ने बताया कि टूटे हुए पोल हटाने और नए पोल लगाने के लिए औरैया से हाइड्रा मशीन मंगाई गई है। मशीन पहुंचते ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रही है और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story