रात में पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, संदिग्धों और वाहनों की हुई जांच
औरैया, 17 सितंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध व संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में रात्रि गश्त, ड्यूटी व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। बॉर्डर स्कीम के तहत हॉटस्पॉट और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी एवं चेकिंग की गई।
पुलिस टीमों ने रात्रि में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता एवं कार्यप्रणाली को भी अधिकारियों ने परखा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि में भी पुलिस की सक्रियता लगातार सुनिश्चित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

