औरैया : अर्धनारेश्वर मंदिर परिसर में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : अर्धनारेश्वर मंदिर परिसर में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


औरैया, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर

जीवनधारा पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार को महामाया मंगला काली मंदिर के परिक्रमा पथ पर स्थित प्राचीन अर्धनारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में वृहद पौधारोपण किया गया। अभियान समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सुबह सात बजे आयोजित किया गया।

शहर से करीब पांच किलोमीटर दक्षिण दिशा में बीहड़ क्षेत्र में स्थित महामाया मंगला काली मंदिर के परिक्रमा पथ, अर्धनारेश्वर महादेव मंदिर परिसर और मंगला काली मंदिर प्रांगण में कदम, चितवन, पकड़िया, चांदनी, हरसिंगार, गुड़हल, पीपल, बरगद, अशोक और बेलपत्र समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों को सौंपी गई।

पौधारोपण के बाद पर्यावरण संरक्षण विषय पर गोष्ठी हुई। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि प्राकृतिक रूप से वर्षा होने में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पेड़-पौधे वाष्पोत्सर्जन की प्रक्रिया के माध्यम से जमीन से पानी खींचकर वातावरण में जलवाष्प छोड़ते हैं, जिससे वायुमंडल में नमी बढ़ती है और वर्षा चक्र को सक्रिय करने में मदद मिलती है।

गोष्ठी में पर्यावरण प्रेमियों ने लोगों को पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। संस्थापक ने बताया कि अभियान के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 4240 पौधों का पौधारोपण एवं वितरण किया जा चुका है। समिति ने 5100 पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे पूरा होने तक अभियान जारी रहेगा। लोगों की पसंद के पौधों का वितरण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), अनिल कुमार सोनी, संजय अग्रवाल, राम आसरे गुप्ता, संतोष कुशवाहा, विपुल कुमार, सतीश कुमार तथा संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित अन्य पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story