औरैया : मंदिर परिसर में हुआ पौधारोपण, 5100 पौधों के लक्ष्य की ओर बढ़ रही 'जीवनधारा' मुहिम
औरैया, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से संचालित 'जीवनधारा पौधारोपण अभियान' के तहत शनिवार सुबह 50 सैय्या जिला अस्पताल परिसर स्थित वीर हनुमान मंदिर में पौधारोपण किया गया। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने पौधे रोपकर किया। इस दौरान लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी मंदिर के पुजारी अवध बिहारी शुक्ला को सौंपी गई।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में हरसिंगार, तुलसी, बेलपत्र, गुड़हल, चितवन, पकड़िया और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को हरित बनाना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि बढ़ते वाहनों और प्रदूषण के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे लोगों को शुद्ध वायु नहीं मिल पा रही और अनेक गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही समिति द्वारा 5100 पौधारोपण के लक्ष्य के साथ चलाए जा रहे अभियान की सराहना की।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और सकारात्मकता का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि 5100 पौधों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2370 पौधों का रोपण एवं वितरण किया जा चुका है। यह अभियान लक्ष्य पूरा होने तक निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में समाजसेवी राम आसरे गुप्ता, पुजारी अवध बिहारी शुक्ला, संजय अग्रवाल, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू), अनूप बिश्नोई, विनोद पोरवाल, हिमांशु दुबे, सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

