औरैया के जेसीज चौराहे पर पौधारोपण, फूलों की खुशबू से महकेगा शहर
औरैया, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पर्यावरण संरक्षण और शहर को क्लीन-ग्रीन रखने के उद्देश्य से एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत शुक्रवार सुबह शहर के अति व्यस्त पं. गेंदालाल दीक्षित (जेसीज) चौराहे पर पौधारोपण किया गया।
समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में पहले चौराहे पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद चम्पा, सुंदररूपा, डबल चांदनी, क्रोटन और सदाबहार समेत विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे लगाए गए। लोगों को उनकी पसंद के पौधे भी निशुल्क वितरित किए गए।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी समिति के सदस्यों को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जेसीज चौराहा शहर का प्रमुख और अति व्यस्ततम चौराहा है, जहां से दिन-रात बड़ी संख्या में स्थानीय और दूरदराज के लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां हरियाली और फूलों की प्राकृतिक सुंदरता शहर की पर्यावरण के प्रति सोच और जागरूकता का संदेश देगी।
उन्होंने बताया कि करीब 25 वर्ष पूर्व अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था जेसीज की औरैया शाखा की ओर से सड़क हादसे में दिवंगत सदस्य सुशील अग्रवाल (भोलू) की स्मृति में छतरीयुक्त चौराहा स्थापित कराया गया था। बाद में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से चौराहा क्षतिग्रस्त हो गया। तभी से इसे जेसीज चौराहा के नाम से जाना जाने लगा।
समिति की ओर से 5100 पौधे लगाने और वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 5085 पौधों का पौधारोपण व वितरण किया जा चुका है। अगले सप्ताह लक्ष्य पूरा होने के बाद 20 सितंबर को देवकली मंदिर परिसर में पर्यावरण प्रहरियों और अभियान में सहयोग करने वाले पर्यावरण योद्धाओं का अभिनंदन कर जीवनधारा अभियान का समापन किया जाएगा।
इस दौरान सेवानिवृत्त वन विभाग अधिकारी प्रवीण गुप्ता, भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनिल चौबे, डॉ. शिवकुमार सोनी, राजेंद्र त्रिपाठी, डॉ. आर्य प्रबुद्ध, पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), राजीव पोरवाल (रानू), आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट, डॉ. मिथुन मिश्रा, गौरव पोरवाल और अनिल चतुर्वेदी सहित पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

