जीवनधारा अभियान के तहत आवास विकास कॉलोनी व बदनपुर में हुआ पौधारोपण

WhatsApp Channel Join Now
जीवनधारा अभियान के तहत आवास विकास कॉलोनी व बदनपुर में हुआ पौधारोपण


औरैया, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. औरैया की ओर से पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जीवनधारा पौधारोपण अभियान के तहत मंगलवार को आवास विकास कॉलोनी और मोहल्ला बदनपुर में वृहद पौधारोपण किया गया। अभियान समिति अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में सुबह सात बजे आयोजित हुआ।

इस दौरान बोतल पाम, हरसिंगार, बेलपत्र, चितवन, कदम, अशोक, पकड़िया और तुलसी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी आसपास रहने वाले लोगों को सौंपी गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं के प्रमुख आश्रय हैं। बारिश के मौसम में पक्षी पेड़ों पर घोंसले बनाकर सुरक्षित रहते हैं, जबकि छोटे जीव-जंतु पत्तों के नीचे आश्रय लेते हैं। पेड़-पौधों से उन्हें फल, फूल और अन्य खाद्य सामग्री भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। फल-फूल, लकड़ी और अनेक औषधियां हमें पेड़-पौधों से ही प्राप्त होती हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण और उनकी सुरक्षा जरूरी है।

उन्होंने बताया कि समिति ने 5100 पौधों के पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत अब तक 3965 पौधों का पौधारोपण एवं लोगों की पसंद के पौधों का वितरण किया जा चुका है। लक्ष्य पूरा होने तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।

पौधारोपण अभियान में सीए अरविंद सिंह, राकेश गुप्ता (बैंक वाले), सभासद विनोद यादव (कल्लू), पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरु), राजीव पोरवाल (रानू), संजय अग्रवाल, संतोष कुशवाहा, सतीश कुमार और संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट सहित पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story