'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अमृत सरोवर पर हुआ पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अमृत सरोवर पर हुआ पौधरोपण


औरैया, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर स्थित अमृत सरोवर पर मंगलवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया एवं जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल की जाए।

जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान दुष्यंत सिंह पाल, भाजपा जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, विशु दीक्षित, जयप्रकाश दीक्षित, आर्यन कठेरिया, अजय, अभय, सतेंद्र कठेरिया, टिंकू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधरोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story