पीडीए सम्मेलन को सफल बनाने गांव-गांव पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष

WhatsApp Channel Join Now
पीडीए सम्मेलन को सफल बनाने गांव-गांव पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष


12 सितंबर को साइन मंदिर में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल होंगे मुख्य अतिथि।

औरैया, 10 सितम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी की ओर से आगामी 12 सितंबर को साइन मंदिर, औरैया में आयोजित होने वाले पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सम्मेलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में लगातार गांव-गांव जनसंपर्क किया जा रहा है।

इसी क्रम में सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने सदर विधानसभा क्षेत्र के अयाना, पाकरपुरवा, रुपपुरा समेत दर्जनों गांवों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संपर्क किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सम्मेलन में पीडीए से जुड़े मुद्दों के साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों और पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सपा के पदाधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को सम्मेलन की जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान विधानसभा प्रभारी राजकुमार गौतम, सुरेंद्र सिंह चंदेल, राज नारायण बघेल, राजू मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ सम्मेलन को सफल बनाने में जुटने का आह्वान किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि 12 सितंबर को होने वाले सम्मेलन में सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story