खेत में पेड़ पर लटका मिला पेंटर का शव, एक दिन पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 22 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कुदरकोट थाना क्षेत्र के गांव इकघरा में बुधवार सुबह एक 42 वर्षीय पेंटर का शव खेत में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान अरविंद कुमार (42) पुत्र दुर्जन सिंह निवासी गांव इकघरा के रूप में हुई है। वह पुताई (पेंटिंग) का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार अरविंद शराब पीने का आदी था। मंगलवार शाम उसने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया था। इसके बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले आए थे।

बुधवार सुबह गांव का एक युवक तालाब की ओर गया तो उसने गांव के बाहर दुबे के खेत में स्थित नीम के पेड़ पर अरविंद का शव फंदे से लटका देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और परिजनों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कुदरकोट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के शराब पीने का आदी होने और एक दिन पहले आत्महत्या का प्रयास करने की जानकारी भी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story