औरैया में वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों को बताए गए कानूनी अधिकार
औरैया, 29 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर वृद्धाश्रम आनेपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सचिव रोमा गुप्ता ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं, स्वास्थ्य, भोजन, आवास व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में वृद्धजनों को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों, भरण-पोषण एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता तथा नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
सचिव रोमा गुप्ता ने वृद्धजनों को हर संभव निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। शिविर में उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनकर आवश्यक विधिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। इस मौके पर वृद्धाश्रम मैनेजर नरेंद्र पाल, चीफ एलएडीसीएस जितेंद्र तोमर, कार्यालय प्रभारी दिलीप कुमार तथा पैरालीगल वालंटियर लालता प्रसाद, किरण और रमन लाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

