101 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, साइबर पुलिस ने खोज निकाले 25 लाख के मोबाइल

WhatsApp Channel Join Now
101 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, साइबर पुलिस ने खोज निकाले 25 लाख के मोबाइल


औरैया, 09 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 101 लोगों के चेहरे पर रविवार को उस समय खुशी लौट आई, जब साइबर थाना पुलिस ने उनके खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को वापस दिलाए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती

के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना/साइबर के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस टीम द्वारा लगातार गुम और खोए मोबाइल फोन की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों के साथ सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद करने में सफलता हासिल की।

रविवार को पुलिस ने बरामद किए गए मोबाइल फोन संबंधित धारकों को सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन के बीच सराहनीय पहल माना जा रहा है।

मोबाइल गुम हो तो तत्काल करें शिकायत

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर परेशान न हों और तत्काल अपने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल का बिल, आइएमईआइ नंबर, आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र साथ लेकर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसके दोबारा इस्तेमाल की स्थिति में उसे ट्रेस करने में मदद मिलती है।

पुलिस ने लोगों से अपने मोबाइल में ‘संचार साथी’ एप डाउनलोड करने की भी अपील की है, ताकि मोबाइल गुम होने की स्थिति में आवश्यक सुविधाओं का लाभ लिया जा सके।

-----------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story