चुनाव से संबंधित तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव से संबंधित तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी


औरैया, 02 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 एवं आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए संबंधित व्यवस्थाएं समय से पूरी कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में मतदान व मतगणना कार्मिकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण एवं ड्यूटी, ईवीएम-वीवीपैट, यातायात, निर्वाचन सामग्री, आदर्श आचार संहिता, निर्वाचन व्यय लेखा, प्रेक्षक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था व सुरक्षा प्लान, स्वीप, शिकायत निवारण, मीडिया सेंटर, मतदाता जागरूकता, वेबकास्टिंग, संचार व्यवस्था, पेयजल, सफाई, प्रकाश, प्राथमिक चिकित्सा और साइबर सिक्योरिटी समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, यातायात और सामग्री वितरण की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, एडीएम वि.रा., एडीएम न्यायिक नीरज प्रसाद, एसडीएम सदर ब्रह्मानंद, एसडीएम अरसला नाज समेत संबंधित नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story