मिशन शक्ति 6.0 के तहत 251 कन्याओं को कराया कन्या भोज
औरैया, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के आदेश एवं निर्देशन के अनुपालन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत फफूंद थाना क्षेत्र के चमनगंज स्थित मां दुर्गा के पंडाल में रविवार काे कन्या भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें महिला थानाध्यक्ष पूजा सिंह राठौर ने पुलिस टीम के साथ 251 कन्याओं को कन्या भोज कराया।
कार्यक्रम के दौरान महिला थानाध्यक्ष पूजा सिंह राठौर ने कन्याओं के माथे पर चुनरी बांधकर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद सभी कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। कार्यक्रम में कन्याओं और उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर महिला थानाध्यक्ष पूजा सिंह राठौर ने मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में महिला थानाध्यक्ष पूजा सिंह राठौर के साथ महिला थाना पुलिस स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

