आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम


खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने देखा शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

औरैया, 13 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव में सोमवार रात एक युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मंगलवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपुर निवासी प्रमोद कुमार (36) पुत्र राम सिंह स्टेयरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी संगीता देवी के अलावा 13 वर्षीय बेटा शिवा और 10 वर्षीय बेटा देव हैं। बताया गया कि सोमवार शाम खाना खाने के बाद प्रमोद अपने कमरे में सोने चले गए थे। देर रात गांव के जंगबहादुर मिश्रा के खेत में लगे आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे उनका शव लटका मिला।

मंगलवार सुबह खेतों की ओर काम करने गए ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में जानकारी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को सूचना दी गई और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां सियाराम, पिता राम सिंह, बड़े भाई विनोद और छोटे भाई मान कुमार सहित अन्य परिजन गमगीन हैं।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया कि प्रथम दृष्टया और परिजनों के अनुसार मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत की वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759831 Articles

Share this story