औरैया : शराब के नशे में घर पहुंचे किसान ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : शराब के नशे में घर पहुंचे किसान ने फांसी लगाकर दी जान


औरैया, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में बीती रात शुक्रवार को शराब के नशे में घर पहुंचे किसान ने परिजनों से विवाद के बाद नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर फांसी लगा ली। परिजन उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

फतेहपुर लखमी गांव निवासी अरविंद कुमार परिहार (५०) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार रात वह शराब के नशे में घर पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिजनों से उनका विवाद हो गया। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर नीम के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

रात करीब 12 बजे परिजनों की नजर अरविंद पर पड़ी तो उन्होंने आनन-फानन में उन्हें फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी ललिता देवी, पुत्र अनुराग (23), हिमांशु (15), अतुल (12), अखिलेश (10) और विवाहित पुत्री शिवानी को छोड़ गए हैं।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने शनिवार को बताया कि बीती रात एक अधेड़ ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story