16 जुलाई को निकलेगी प्रभु जगन्नाथ जी की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा, तैयारियां तेज
औरैया, 09 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति एवं महिला शाखा तुलसी सखी ग्रुप की संयुक्त आवश्यक बैठक क्रॉनिक एकेडमी, औरैया में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 16 जुलाई को प्रभु जगन्नाथ जी की विशाल नगर भ्रमण शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में महिला शाखा की प्रभारी बबिता गुप्ता ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे फूलमती मंदिर से प्रभु जगन्नाथ जी की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनोहारी धार्मिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे तथा गाजे-बाजे और भजन-कीर्तन के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का सुसज्जित रथ नगर भ्रमण करेगा।
कार्यक्रम संयोजक भाजपा नगर महामंत्री कपिल गुप्ता, डॉ. अनूप बिश्नोई एवं पर्यावरण प्रहरी मनीष पुरवार (हीरू) ने बताया कि शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
शोभायात्रा फूलमती मंदिर से प्रारंभ होकर शहीद पार्क रोड, सुभाष चौक, संजय गेट, संकट मोचन मार्ग, लेडीज मार्केट, सदर बाजार एवं तहसील चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः फूलमती मंदिर पहुंचेगी, जहां प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि प्रभु जगन्नाथ जी की शोभायात्रा शहरवासियों के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु जलपान, पुष्पवर्षा एवं स्वागत द्वारों के माध्यम से शोभायात्रा का भव्य स्वागत करेंगे। उन्होंने समिति के सदस्यों, महिला शक्ति, युवाओं एवं सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में बबिता गुप्ता, सुनीता चौबे, अर्चना बिश्नोई, मंगला शुक्ला, पायल पोरवाल, प्रिया गुप्ता, दामिनी गुप्ता, मधु बिश्नोई, गुड्डन गुप्ता, सपना गुप्ता, माधुरी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मधु शर्मा, सुनीला गुप्ता, डॉ. उपेंद्रनाथ मिश्रा, डॉ. शिव कुमार सोनी, शिक्षक अनुराग गुप्ता, स्वतंत्र अग्रवाल, अनिल कुमार सोनी, शशि गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, हिमांशु दुबे सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

