जमीनी विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

WhatsApp Channel Join Now
जमीनी विवाद में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर


औरैया, 16 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र के भीखेपुर गांव में बुधवार देर शाम जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर के बाहर बैठे एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान राजीव कुमार (28) के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान जमीनी विवाद को लेकर हुए विवाद में आरोपित ने उन पर गोली चला दी, जो उन्हें जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर स्थानीय थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक राशिद खान घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद पारिवारिक जमीन को लेकर चल रहा था। बताया गया कि राजीव के पिता अजब सिंह और उनके भाई मुलायम सिंह व ध्रुव सिंह तीन सगे भाई थे। ध्रुव सिंह अविवाहित थे और उनका अगस्त 2025 में निधन हो गया था। उनकी संपत्ति वसीयत के आधार पर दोनों भाइयों के नाम दर्ज हो गई थी। हालांकि, ध्रुव सिंह के एक भतीजे द्वारा उक्त जमीन पर खेती किए जाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बिधूना पी. पुनीत मिश्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। चिकित्सक डॉ. ललित मोहन ने प्राथमिक उपचार के बाद राजीव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने गोली से संबंधित बारूद के कणों को सुरक्षित कर परीक्षण के लिए भेज दिया है।

क्षेत्राधिकारी पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story