औरैया : कंचौसी गांव में लगी जन चौपाल में एडीएम ने किसानों की सुनी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : कंचौसी गांव में लगी जन चौपाल में एडीएम ने किसानों की सुनी समस्याएं


औरैया, 18 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कंचौसी में मंगलवार को चकबंदी विभाग की ओर से जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें अपर जिलाधिकारी नीरज प्रसाद समेत चकबंदी विभाग के अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।

जन चौपाल में किसानों ने वर्ष 1989 में किए गए चक आवंटन को बरकरार रखने की मांग उठाई।

किसानों का कहना था कि नई चकबंदी प्रक्रिया लागू होने से उनकी उपजाऊ भूमि इधर-उधर हो रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि कंचौसी के साथ ही बिहारीपुर, सहायपुर और अन्य गांवों के किसान भी नई प्रक्रिया से प्रभावित हो रहे हैं।

ग्राम प्रधान प्रमोद चौबे, दिलीप त्रिवेदी, संतोष कुमार चौबे, रामनरेश काठेरिया, महेश गुप्ता, लक्ष्मी सिंह ठाकुर, विशाल तिवारी और मंगल सिंह ठाकुर समेत अन्य किसानों ने अपर जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।

किसानों ने बताया कि बीते सप्ताह उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया था। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था।

अपर जिलाधिकारी नीरज प्रसाद ने किसानों की पुरानी चकबंदी प्रक्रिया और चक आवंटन को बरकरार रखने की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने चकबंदी प्रक्रिया में सामने आ रही त्रुटियों को दूर कराने की बात कही। साथ ही बताया कि किसानों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए एक सप्ताह तक जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कौशलानंद, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, पेशी कानूनगो सर्वेश कुमार, चकबंदी लेखपाल अजय सिंह, गोरधन कुमार, अजय कुमार, राजेश यादव, अनीता समेत चकबंदी विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story