रुरुगंज में मां काली मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र से नकदी समेत घंटे-घंटियां ले उड़े चोर

WhatsApp Channel Join Now
रुरुगंज में मां काली मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र से नकदी समेत घंटे-घंटियां ले उड़े चोर


रुरुगंज में मां काली मंदिर में बड़ी चोरी, दानपात्र से नकदी समेत घंटे-घंटियां ले उड़े चोर


औरैया, 30 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र की रुरुगंज पुलिस चौकी अंतर्गत कस्बा रुरुगंज में रविवार रात चोरों ने एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गांव के बाहर स्थित मां काली माता के मंदिर में घुसकर चोर दानपात्र से करीब 90 हजार रुपये नकद, माता रानी के गले की दो मालाएं तथा मंदिर में लगे लगभग 50 किलो वजनी घंटे और घंटियां चोरी कर ले गए।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब देर रात खेतों की रखवाली कर लौट रहे किसान महेश और छंगे मंदिर के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने मंदिर का गेट खुला देखा, जिससे उन्हें संदेह हुआ। दोनों ने तुरंत मंदिर के पुजारी कपिल भगत को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुजारी ने देखा कि मंदिर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो दानपात्र खाली था और माता रानी की प्रतिमा से मालाएं भी गायब थीं। साथ ही मंदिर में लगे घंटे और घंटियां भी चोर उखाड़ ले गए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

रुरुगंज चौकी इंचार्ज राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर घटना का खुलासा करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story