जमुनापारी बकरी मेले में रिश्वतखोरी के आरोप, किसानों ने की जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जमुनापारी बकरी मेले में रिश्वतखोरी के आरोप, किसानों ने की जांच की मांग


जमुनापारी बकरी मेले में रिश्वतखोरी के आरोप, किसानों ने की जांच की मांग


औरैया, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के विकासखंड अजीतमल में आयोजित एक दिवसीय जमुनापारी बकरी नस्ल सुधार मेले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मेले में भाग लेने वाले बकरी पालक किसानों ने पशु विभाग से जुड़े कर्मचारियों के एजेंटों पर गंभीर आरोप लगाते हुए रिश्वतखोरी का मामला उठाया है। किसानों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उनकी बकरियों को मेले में नहीं भेजा गया और इसके बदले उनसे मोटी रकम की मांग की गई।

पीड़ित किसानों के अनुसार मेले में करीब आधा सैकड़ा से अधिक निम्न ग्रेड की बकरियां खरीदी गईं, जबकि कई योग्य और चयनित बकरी पालकों को उनके अधिकार से वंचित कर दिया गया। किसानों का आरोप है कि संबंधित एजेंटों द्वारा प्रति बकरी 20 से 25 हजार रुपये तक की मांग की गई। जो किसान पैसे देने में असमर्थ रहे या उन्होंने मना कर दिया, उनकी बकरियों को मेले में शामिल नहीं किया गया।

इस मामले में बकरी पालक किसान श्रीकृष्ण, ऊदल, जगपाल सिंह और जयवीर सिंह ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत संख्या 40016226007392 के माध्यम से उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

किसानों ने कहा कि यह न केवल उनके साथ अन्याय है, बल्कि सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़ा करता है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्चाधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक अपनी आवाज उठाएंगे।

एक पीड़ित किसान ने बताया, “हम लोगों की बकरियां मेले में चयनित हुई थीं, लेकिन बाद में हमसे पैसे मांगे गए। पैसे न देने पर हमारी बकरियां नहीं भेजी गईं। हमने इसकी शिकायत ऑनलाइन कर दी है और हमें न्याय चाहिए।”

फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story