औरैया : ओलावृष्टि से क्योंटरा ग्राम के किसान तबाह हुए, सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल बर्बाद

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : ओलावृष्टि से क्योंटरा ग्राम के किसान तबाह हुए, सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल बर्बाद


औरैया, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर विकासखंड के ग्राम क्योंटरा में बीती 4 अप्रैल को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी। अचानक गिरे ओलों ने गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे गांव के सैकड़ों किसान आर्थिक संकट में घिर गए हैं। फसल नष्ट होने के बाद किसानों के सामने अब रोजमर्रा के खर्च और कर्ज चुकाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

फसल बर्बाद होने की जानकारी मिलने पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम अपने कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे और प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

ग्राम निवासी मोनू ने बताया कि उन्होंने 40 बीघा जमीन गिरवी रखकर गेहूं की फसल तैयार की थी, लेकिन ओलावृष्टि के कारण लगभग 80 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई। अब उनके सामने सबसे बड़ी समस्या कर्ज चुकाने और अगले साल की खेती के लिए संसाधन जुटाने की है। वहीं किसान प्रदीप दुबे ने बताया कि इस आपदा से सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे पूरे गांव की आर्थिक स्थिति डगमगा गई है।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष ने किसानों से पूछा कि क्या प्रशासन की ओर से नुकसान का सर्वे किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ अधिकारी गांव पहुंचे जरूर थे, लेकिन उन्होंने खेतों का निरीक्षण नहीं किया और बिना सर्वे के ही लौट गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द सही सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को हर स्तर पर उठाया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश सचिव अनिल तिवारी, महेंद्र त्रिपाठी, गुड्डू सेगर, मनीष कठेरिया, अरविंद दोहरे और योगेश बिरासिया समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ओलों की चपेट में आने से युवक की आंखों की रोशनी गई

ओलावृष्टि के दौरान ग्राम क्योंटरा निवासी मनोज पाल भी चपेट में आ गए। उस समय वह खेत पर काम कर रहे थे। अचानक तेज ओले गिरने से उनकी आंखों की रोशनी चली गई। परिजनों ने उन्हें औरैया अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया था। मंगलवार को घर लौटने पर उन्होंने बताया कि अब उन्हें हल्का-हल्का दिखाई देने लगा है, लेकिन इस घटना से वह काफी सहमे हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story